हिसार , अगस्त 10 -- हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा की अगुवाई में सोमवार को बरवाला में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। ब्राह्मण धर्मशाला से शुरू हुई यात्रा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए शहीद भगत सिंह चौक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर लोग 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के जयघोष करते हुए आगे बढ़े। यात्रा के माध्यम से नागरिकों ने राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश दिया।

इस अवसर पर श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। प्रदेशभर में 9 से 17 अगस्त तक अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह अभियान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त करें।

यात्रा में चेयरमैन रमेश चंद्र बैटरीवाला, प्रवीण सैनी, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रणधीर धीरू, तारा चंद नलवा, कोषाध्यक्ष अशोक मित्तल, रोशन घणघस, पार्षद ओपी मालिया, मोनू सन्दूजा, देवेन्द्र शर्मा, रामकेश बंसल, पवन शर्मा और रोहताश दुग्गल सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित