पंचकूला , अगस्त 16 -- हरियाणा पुलिस ने बरवाला में बड़ोपट्टी टोल प्लाजा पर 15 अगस्त को राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने और आम लोगों की आवाजाही बाधित करने के मामले में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।

हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर साझा मंशा से राष्ट्रीय राजमार्ग और सार्वजनिक रास्ते को अवरुद्ध किया, जिससे आम लोगों को असुविधा हुई। इस संबंध में बरवाला पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

प्रवक्ता के अनुसार मौके पर मौजूद लोगों को जाम हटाकर यातायात बहाल करने के लिए कहा गया था। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने भी उन्हें समझाकर रास्ता खोलने का आग्रह किया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने जाम हटाने से इनकार कर दिया।

प्रवक्ता ने बताया कि इसके बाद आरोपियों के खिलाफ लोक सेवक के आदेशों की अवहेलना, साझा मंशा से राष्ट्रीय राजमार्ग तथा सार्वजनिक रास्ता बाधित करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित