बरवाला , जुलाई 13 -- हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने सोमवार को बरवाला में शहर के सौंदर्यीकरण और विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने हिसार, अग्रोहा और टोहाना रोड पर बनने वाले भव्य स्वागत द्वारों की आधारशिला रखी।

उन्होंने कहा कि इन द्वारों के निर्माण से बरवाला की पहचान मजबूत होगी और शहर को आधुनिक एवं आकर्षक प्रवेश द्वार मिलेंगे। टोहाना रोड पर करीब 84 लाख रुपये, अग्रोहा रोड पर 98.31 लाख रुपये और हिसार रोड पर 77.05 लाख रुपये की लागत से स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। इसके अलावा बरवाला-टोहाना रोड स्थित स्वर्ग आश्रम में करीब 3.40 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।

उन्होंने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से पार्क, लेबर शेड, स्वच्छता कार्य, गलियों और सड़कों का निर्माण तथा पुस्तकालय जैसी कई विकास परियोजनाएं भी जनता को समर्पित की गयी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेशभर में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य किये जा रहे हैं।

रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाये रखने और सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित