नरसिंहपुर , जून 14 -- मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में नर्मदा नदी के बरमान स्थित भीमकुंड क्षेत्र में नहाने के दौरान दो युवक डूब गए। दोनों की तलाश के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। बरमान क्षेत्र में पिछले चार दिनों के दौरान डूबने की यह तीसरी घटना है, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
पुलिस के अनुसार आगरा निवासी आजाद सिंह (24) तथा राजस्थान निवासी छोटू गोस्वामी (30) करेली क्षेत्र में रेलवे विद्युतीकरण कार्य से जुड़े हुए थे। रविवार को वे अपने करीब एक दर्जन साथियों के साथ नर्मदा नदी के सतधारा घाट पहुंचे थे। नहाने के दौरान दोनों युवक भीमकुंड के गहरे हिस्से में चले गए और पानी में डूब गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों का दल मौके पर पहुंच गया और तलाशी अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार भीमकुंड क्षेत्र में गहरी दरारें तथा चट्टानी संरचनाएं होने के कारण खोज अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार बरमान क्षेत्र में पिछले चार दिनों में डूबने की तीन अलग-अलग घटनाओं में अब तक चार लोगों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि दो युवकों की तलाश जारी है। लगातार हो रही घटनाओं ने नदी के गहरे क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। प्रशासन ने लोगों से नर्मदा नदी के गहरे और जोखिम वाले हिस्सों में जाने से बचने तथा सावधानी बरतने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित