चंडीगढ़ , जुलाई 24 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की आलोचना करते हुए इसे मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन बताया।

उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर वह पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में याचिका दायर करेंगे। राजा वड़िंग ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान इस पूरे घटनाक्रम पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने सवाल किया कि जिन सफाई कर्मचारियों के हाथों में झाड़ू थी, जो आम आदमी पार्टी का चुनाव चिह्न भी है, उन्हीं कर्मचारियों पर पुलिस ने कथित रूप से लाठियां बरसाईं। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या उन्हें इस घटना पर शर्म नहीं आती।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बरनाला में सफाई कर्मचारियों के साथ पुलिस ने बर्बरता की है और यह मानवाधिकारों का गंभीर हनन है। उन्होंने कहा कि केवल सफाई कर्मचारी ही नहीं, बल्कि छात्र, बिजली कर्मचारी, किसान और मनरेगा कर्मियों सहित विभिन्न वर्गों को भी राज्य में पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।

राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री से सफाई कर्मचारियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने तथा घटना के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी वर्ग को आयोग के संरक्षण और हस्तक्षेप की सबसे अधिक आवश्यकता थी तो वह सफाई कर्मचारी थे।

राजा वड़िंग ने आरोप लगाया कि अपनी सेवाओं को नियमित किये जाने की मांग कर रहे सफाई कर्मचारियों के साथ सरकार ने अमानवीय व्यवहार किया। उन्होंने दावा किया कि लाठीचार्ज में घायल 15 महिला सफाई कर्मचारी सिर में चोट लगने के कारण अस्पतालों में भर्ती हैं।

कांग्रेस नेता ने मांग की कि जिन पुलिसकर्मियों ने महिला सफाई कर्मचारियों पर कथित हमला किया, उनके खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाये।

राजा वड़िंग ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह अन्य राज्यों की घटनाओं पर सहानुभूति जताते हैं, लेकिन पंजाब में हुई इस घटना पर भी उन्हें समान संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि श्री केजरीवाल अन्य मामलों में वीडियो जारी कर पीड़ितों के प्रति चिंता व्यक्त करते हैं, जबकि बरनाला की घटना पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने आयोग अध्यक्ष से इस मामले में जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग भी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित