होशियारपुर , जुलाई 29 -- पंजाब के बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में राज्य के सफाई कर्मचारी संगठनों और दलित संगठनों ने गुरुवार को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक राज्यव्यापी शांतिपूर्ण बंद का आह्वान किया है। संगठनों ने लोगों, व्यापारियों और शैक्षणिक संस्थानों से स्वेच्छा से बंद का समर्थन करने की अपील की है।

होशियारपुर में बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष करणजोत अडिया ने आरोप लगाया कि बरनाला में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि राज्यभर के कर्मचारी संगठनों, दलित संगठनों और वाल्मीकि समाज ने बंद के आह्वान का समर्थन किया है। उन्होंने बताया कि कल सुबह आठ बजे नगर निगम कार्यालय, होशियारपुर से शांतिपूर्ण मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल, मेडिकल स्टोर, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाएं बंद से मुक्त रहेंगी तथा आम लोगों की आवाजाही पर भी कोई रोक नहीं होगी।

श्री अडिया ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा, तोड़फोड़ या डराने-धमकाने जैसी गतिविधियों से बचा जाए। उन्होंने दुकानदारों से स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखकर आंदोलन का समर्थन करने की अपील की।

संगठन ने मांग की कि निलंबित किए गए बरनाला के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सतवीर सिंह को केवल निलंबित करने के बजाय सेवा से बर्खास्त किया जाए। साथ ही लाठीचार्ज में शामिल अन्य पुलिस कर्मियों को भी निलंबित करने तथा उनके खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाए।

संगठन ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने दो बार लिखित समझौते के जरिए नगर निकायों के ठेका कर्मचारियों को नियमित करने और आउटसोर्स कर्मचारियों को डीसी रेट के अनुसार वेतन देने का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक इन वादों को पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जब तक लंबित मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता और बरनाला घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह बरनाला में सफाई कर्मचारियों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के बाद पूरे पंजाब में कर्मचारी संगठनों और सफाई कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।

वहीं, पंजाब पुलिस का कहना है कि सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे सफाई अभियान का विरोध करते हुए पुलिस पर पथराव और कूड़े के बैग फेंके, जिससे चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया गया।

दूसरी ओर, प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस ने जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया, जिससे कई कर्मचारी घायल हुए। घटना के बाद प्रशासन ने बरनाला के डीएसपी को निलंबित कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित