होशियारपुर , जुलाई 31 -- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता विजय सांपला ने बरनाला में प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज की निंदा करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने शुक्रवार को होशियारपुर में नगर निगम परिसर में चल रहे सफाई कर्मचारियों के धरने में पहुंचकर आंदोलन को अपना समर्थन भी दिया।

धरने को संबोधित करते हुए श्री सांपला ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार नगर निगम और नगर परिषद के कर्मचारियों को नियमित करने का अपना वादा पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। श्री सांपला ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस बल का प्रयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार उनकी आवाज को पुलिस कार्रवाई के जरिए दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बरनाला घटना के लिए जिम्मेदार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त करने, पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

भाजपा नेता ने पंजाब सरकार से नगर निगम और नगर परिषद के कर्मचारियों को नियमित करने का अपना वादा बिना किसी देरी के पूरा करने की भी अपील की।

उन्होंने आंदोलनरत कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी उनके न्याय की लड़ाई में हर स्तर पर उनके साथ खड़ी रहेगी और उनकी मांगों को हर मंच पर मजबूती से उठाएगी। धरने का नेतृत्व सफाई कर्मचारी यूनियन के नेता करणजोत अडिया, सोमनाथ अडिया और विक्रमजीत सिंह ने किया। इस दौरान भाजपा के जिला उपाध्यक्ष भारत भूषण वर्मा, भाजयुमो जिला अध्यक्ष शिवम ओहरी, जिला महासचिव सूरज शर्मा सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि 22 जुलाई को बरनाला में प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किये गये कथित लाठीचार्ज के बाद पूरे पंजाब में सफाई कर्मचारियों और विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिये थे। पुलिस का कहना था कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने सफाई अभियान का विरोध करते हुए पुलिस पर पथराव और कूड़े के बैग फेंके थे, जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हुए। प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस ने उन पर अत्यधिक बल प्रयोग किया, जिससे कई कर्मचारी घायल हो गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित