पटना , अक्टूबर 21 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) नेबिहार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सभी आठ सीटों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत का दावा करते हुए कहा है कि चुनाव में जीत बयानबाजी से नहीं, बल्कि मतदाताओं के विश्वास और जनसमर्थन से तय होगी।
पार्टी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग चुनावी मुद्दों पर सार्थक चर्चा करने के बजाय अमर्यादित बयान देकर सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहे हैं।
जदयू की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अनुप्रिया यादव, श्रीमती पूजा पैट्रिक और चंदन कुमार सिंह ने बुधवार को संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राजग पूरी मजबूती और आत्मविश्वास के साथ सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। गठबंधन का लक्ष्य सभी सीटों पर जीत हासिल करना है। उन्होंने कहा कि चुनाव में व्यक्तिगत कटाक्ष के बजाय मतदाताओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित