चंडीगढ़ , मई 6 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पंजाब में हो रहे बम धमाकों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा भाजपा पर लगाए गए आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बम धमाकों को रोकने में नाकाम मान सरकार अब अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए भाजपा पर झूठे आरोप लगा रही है।
श्री शर्मा ने बुधवार को कहा कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है और यहां की सुरक्षा, शांति तथा सांप्रदायिक सौहार्द सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन मान सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए भाजपा पर कीचड़ उछालना सस्ती और गैर-जिम्मेदाराना राजनीति है।उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों से पंजाब के लोग गोलीबारी, बम धमाकों, हत्याओं और लगातार बढ़ते अपराधों से परेशान हैं, जो आम आदमी पार्टी सरकार की कमजोर कानून-व्यवस्था का सीधा प्रमाण है।
श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा के लिए पंजाब की शांति, सुरक्षा और भाईचारा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा पंजाब और पंजाबियों के साथ मजबूती से खड़ी रही है और भविष्य में भी खड़ी रहेगी।उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से पंजाब की स्थिति संभालने और भाजपा को बदनाम करना बंद करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित