जालंधर , फरवरी 24 -- पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) जालंधर ने मंगलवार को प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) द्वारा समर्थित एक जबरन वसूली और फायरिंग मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए इसके दो मुख्य गुर्गों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक .32 बोर पिस्तौल, एक मैगजीन और आठ कारतूस बरामद हुए हैं। उन्होंने कहा कि पकड़े गये आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सन्नी और रावल के रूप में हुई है। ये दोनों शहीद भगत सिंह (एसबीएस) नगर के गांव कुलम के निवासी हैं।

श्री यादव ने कहा कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये आरोपी विदेश में बैठे अपने हैंडलरों के सीधे संपर्क में थे। उन्होंने कहा, " यह मॉड्यूल गोपी नवांशाहरिया, जस्सी कुलम और सुशांत चोपड़ा जैसे विदेशी हैंडलरों के निर्देशों पर काम कर रहा था, जो बीकेआई से जुड़े हुए हैं। इन आरोपियों ने हाल हीमें गड़शंकर क्षेत्र में एक ट्रैवल एजेंट के घर पर रंगदारी (जबरन वसूली) के लिए दो बार गोलीबारी की वारदातों को अंजाम दिया था। "उन्होंने कहा कि काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर की टीमों को इन आरोपियों की गतिविधियों के बारे में पुख्ता जानकारी मिली थी। इसी आधार पर जालंधर-अमृतसर हाईवे पर स्थित सूरानस्सी में लिधड़ां अंडरब्रिज के पास नाकाबंदी कर दोनों आरोपियों को हथियारों समेत दबोच लिया गया।

पुलिस महानिदेशक ने बताया कि इस मामले में अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111, 61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 25(1-बी)(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित