देहरादून , मई 14 -- उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की साइबर अपराध देहरादून टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बन्द बीमा पॉलिसियों को चालू करने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार किया है।

गुरुवार को एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने बताया कि पटेलनगर देहरादून निवासी एक पीड़ित के साथ पीएनबी मिडलाइफ इंश्योरेंस का अधिकारी बताकर लगभग 26 लाख रुपये की धोखाधडी की गई थी। इसकी शिकायत मिलने पर साइबर अपराध टीम ने मामले की जांच शुरू की। इसमें साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का नाम सूरज पुत्र विजय चौहान बताया गया। वह उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिला में नोएडा सेक्टर- 31, निठारी का रहने वाला है। वह अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों की बन्द पड़ी पॉलिसी की जानकारी प्राप्त कर उन्हें चालू करवाकर मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर धोखाधड़ी को अंजाम देते थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये शातिर अपराधी द्वारा उक्त ठगी के मामले में अपने विभिन्न खातों में 20 लाख रुपये प्राप्त किए गए। जबकि अन्य राशि उसके साथियों के खातों में भेजी गई, जिनकी तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित