वाराणसी , अगस्त 01 -- बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने जुलाई में 65 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह किसी भी वित्तीय वर्ष में एक माह में कारखाने द्वारा किया गया अब तक का सर्वाधिक उत्पादन है।

रेलवे ने शनिवार को बताया कि इस इंजन कारखाने ने जुलाई महीने में भारतीय रेल के लिए 44 डब्ल्यूएजी-9एचसी मालवाहक विद्युत रेल इंजन, 13 डब्ल्यूएपी-7 यात्री विद्युत रेल इंजन तथा आठ अमृत भारत विद्युत रेल इंजन का निर्माण किया। यह उपलब्धि उत्कृष्ट उत्पादन क्षमता, अत्याधुनिक तकनीक तथा कर्मचारियों की समर्पित कार्य संस्कृति का प्रमाण है। इससे पहले इस कारखाने ने मार्च 2025 में 61 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण करने का रिकॉर्ड बनाया था।

रेलवे के अनुसार इस कारखाने ने स्थापना के समय से अब तक कुल 11,445 रेल इंजनों का निर्माण किया है, जिनमें 3,109 विद्युत रेल इंजन शामिल हैं। यह उपलब्धि भारतीय रेल के आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में उसकी अग्रणी भूमिका को और सुदृढ़ करती है।

रेलवे ने कहा कि 'मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड' की अवधारणा को साकार करते हुए इंजन कारखाने ने अब तक 11 देशों को 182 रेल इंजनों का निर्यात भी किया है। इनमें मोजाम्बिक, म्यांमार, श्रीलंका, सूडान, तंजानिया, बांग्लादेश,माली सेनेगल, अंगोला, वियतनाम और मलेशिया देश शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित