देहरादून , अगस्त 06 -- केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर बनबसा रेलवे स्टेशन पर अमृतसर-टनकपुर एक्सप्रेस के ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस संबंध में रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री को आधिकारिक पत्र भेजकर यह जानकारी दी है।
रेल मंत्री वैष्णव ने जनसुविधा के दृष्टिगत बनबसा रेलवे के संबंध में मुख्यमंत्री धामी की सिफारिश पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए रेलवे ने बनबसा स्टेशन पर गाड़ी संख्या 15093/15094 अमृतसर-टनकपुर एक्सप्रेस के नियमित ठहराव को मंजूरी दे दी है।
श्री धामी ने इस निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे सीमांत क्षेत्र के लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, सैनिक परिवारों तथा श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बनबसा रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव से कुमाऊँ क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी तथा स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित