चम्पावत , अक्टूबर 18 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को उत्तराखंड के बनबसा में लगभग 11 फुट ऊंची श्री हनुमान जी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने पाटनी तिराहे का नाम बदलकर 'हनुमान चौक' करने की घोषणा की।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने 'नशामुक्ति सद्भावना दौड़' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा नशामुक्त देवभूमि के संकल्प के तहत आयोजित दौड़ में हिस्सा लिया। इसी दौरान उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, नशामुक्त और सशक्त समाज के निर्माण में भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने पाटनी तिराहे पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना के साथ ही बजरंग बली की प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने सुंदरकांड पाठ में भी भाग लिया। इस मौके पर 'जय श्री राम कीर्तन मंडल' ने भजन संध्या प्रस्तुत की।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने नवरात्रि और दशहरा की शुभकामनाएं भी दीं और मातृशक्ति को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है। उत्तराखंड को देवभूमि के साथ सैन्यभूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकारी और सार्वजनिक जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त और पारदर्शी अभियान चलाकर सैकड़ों एकड़ भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई है। उन्होंने कहा कि देश का सबसे कड़ा नकल-विरोधी कानून लागू होने से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता आई है और अब तक 33,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि विकास की यह रफ्तार कभी रुकेगी नहीं।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के बीच जाकर प्रसाद वितरित किया, लोगों से संवाद किया और बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर दर्जाधारी सुभाष बगौली, हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी, किरण देवी, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष भानी चंद, टनकपुर विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, भाजपा जिला प्रभारी गुंजन सुखीजा, नगरपालिका परिषद टनकपुर के विपिन कुमार, नगर पंचायत बनबसा अध्यक्ष रेखा देवी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, एसडीएम प्रमोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिलाएं, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित