चम्पावत , सितंबर 27 -- उत्तराखंड में चंपावत जिले के बनबसा में आगामी 04 अक्टूबर को प्रस्तावित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बैठक में होने वाले संभावित फैसलों को लेकर भी प्रदेश की निगाहें बनबसा पर टिकी हैं।

रविवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में एनएचपीसी सभागार में हुई बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए समय से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। बनबसा में कैबिनेट बैठक आयोजित होने से कुमाऊं मंडल के विभिन्न विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषयों को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। हालांकि, बैठक में किन प्रस्तावों पर मुहर लगेगी, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। कैबिनेट के एजेंडे और निर्णयों का वास्तविक स्वरूप बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल की प्रत्येक व्यवस्था का समय रहते परीक्षण कर लिया जाए। जहां अतिरिक्त व्यवस्था या सुधार की जरूरत हो, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और अपने दायित्वों की लगातार समीक्षा करने को कहा।

मौसम की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्थाओं को भी तैयार रखने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिकूल मौसम की स्थिति में भी कार्यक्रम प्रभावित न हो, इसके लिए पहले से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने निर्देश दिया कि जिला प्रशासन तैयारियों की लगातार समीक्षा करेगा। बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, एपीडी विम्मी जोशी, एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित