बद्रीनाथ , मई 12 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को चमोली पुलिस, एटीएस और सात असम एटीएस द्वारा संयुक्त सुरक्षा अभियान चलाया गया। इस दौरान पूरे धाम क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण और सघन जांच अभियान संचालित किया गया।
संयुक्त सुरक्षा टीमों ने बद्रीनाथ मंदिर परिसर के इनर और आउटर कार्डन क्षेत्रों का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही अस्पताल परिसर, होटल, पार्किंग स्थल तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। धाम के मुख्य प्रवेश बिंदु देवदर्शिनी बैरियर पर आने-जाने वाले वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच की गई।
सुरक्षा एजेंसियों ने सीमांत क्षेत्र माणा गांव तक गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बनाए रखी। अभियान के दौरान यात्रियों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।
वहीं स्थानीय व्यापारियों और निवासियों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। चमोली पुलिस ने कहा कि बद्रीनाथ धाम की सुरक्षा, शांति और श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ लगातार कार्य कर रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित