बदायूं , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले की दातागंज तहसील में शुक्रवार को तहसीलदार और अधिवक्ताओं के बीच उस समय विवाद हो गया, जब एक महिला अधिवक्ता ने तहसीलदार पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। विवाद बढ़ने पर अधिवक्ताओं ने तहसीलदार कक्ष में कुर्सियां फेंक कर विरोध जताया और कार्रवाई न होने तक न्यायिक कार्य से विरत रहने की घोषणा की। घटना दातागंज तहसील में दोपहर की बताई जा रही है। महिला अधिवक्ता आशा दीक्षित ने तहसीलदार रामचंद्र सिंह के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह एक वाद के सिलसिले में अपने जूनियर के साथ उनके कक्ष में गई थीं, जहां तहसीलदार ने उनके जूनियर से कथित रूप से अभद्र भाषा में बात की। विरोध करने पर उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों को मौके पर बुलाने के बाद भी तहसीलदार के व्यवहार में सुधार नहीं हुआ और उनके सहयोगियों ने उन्हें कक्ष से बाहर निकालने का प्रयास किया। महिला अधिवक्ता का यह भी आरोप है कि तहसीलदार ने उनके साथ धक्का-मुक्की की, जिससे उनके कपड़े का बटन टूट गया।

घटना से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में जमकर हंगामा किया और दातागंज कोतवाली पहुंचकर तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि तहसीलदार का व्यवहार पहले से ही विवादित रहा है और पूर्व में भी शिकायतें की जा चुकी हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई न होने पर अधिवक्ता कार्य बहिष्कार जारी रखेंगे।

उधर तहसीलदार रामचंद्र सिंह की ओर से भी अधिवक्ताओं के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी गई है। एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर दी है और वार्ता जारी है। यदि बातचीत से समाधान नहीं निकलता है तो दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित