बदायूं , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एचपीसीएल के पिछले दिनो हुयी दोहरी हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अभय प्रताप सिंह 12 मार्च को दो अधिकारियों की हत्या के बाद से फरार चल रहा था। मुठभेड़ के दौरान अभय के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि कांस्टेबल प्रशांत कुमार भी घायल हो गए। पुलिस ने अभय के भाई शिवम प्रताप सिंह को भी गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार उपाध्याय, स्थानीय पुलिस तथा स्वाट/एसओजी टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को 13-14 अप्रैल की रात फिरोजाबाद जिले के नर्की थाना क्षेत्र से पकड़ा गया था और पूछताछ के लिए मूसा झाग थाने लाया गया। पूछताछ में अभय ने अवैध हथियार छिपाने की जानकारी दी। जब पुलिस टीम आरोपी को हथियार बरामदगी के लिए सजनी गांव के पास ले गई, तभी उसने छिपा हुआ तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें कांस्टेबल प्रशांत कुमार घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए अभय को घायल कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मुदसीना वन क्षेत्र के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार समेत अन्य अवैध असलहे बरामद किए हैं। बरामदगी में एक .32 बोर पिस्टल, मैगजीन, दो .315 बोर तमंचे, 10 जीवित कारतूस तथा चार खोखा कारतूस शामिल हैं। घायल आरोपी तथा कांस्टेबल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि 12 मार्च को दोपहर करीब 1:30 बजे सजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट में सुधीर गुप्ता (58) और हर्षित मिश्रा (34) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दोनों को दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था।
इस मामले में मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह समेत कई अन्य अभियुक्तों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार अभय प्रताप सिंह पर हत्या, अपहरण, रंगदारी और शस्त्र अधिनियम सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि उसके भाई शिवम पर सार्वजनिक संपत्ति नुकसान समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित