सिरसा , अगस्त 23 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की जिला सिरसा इकाई की ओर से दिल्ली में प्रस्तावित 'बदलाव रैली' को लेकर जन-जागरण अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत नकौड़ा, संता वाली, भड़ोलियां वाली, धनूर और नानुआना सहित कई गांवों में नुक्कड़ सभाएं आयोजित की गयीं।
नकौड़ा गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता कॉमरेड स्वर्ण सिंह विर्क ने लोगों से एक सितंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली 'बदलाव रैली' में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
उन्होंने केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने और असहमति की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाना बेहद जरूरी है।
पार्टी के जिला सचिव कॉमरेड प्रीतपाल सिद्धू ने किसानों, मजदूरों और सभी मेहनतकश गरीबों से कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की कॉरपोरेट-समर्थक और विभाजनकारी नीतियों में बदलाव किये बिना देश का समावेशी और समान आर्थिक विकास संभव नहीं है।
किसान नेता हरजिंदर सिंह भंगू ने भारत-अमेरिका कर-मुक्त व्यापार समझौते को भारतीय कृषि और किसानों के लिए नुकसानदायक करार दिया। इस जनजागरण अभियान में हरदेव सिंह जोश, कश्मीर सिंह मुक्ता, रतन सिंह रंधावा, करनैल सिंह अस्पाल और गुरमुख सिंह सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे।
इसके अलावा रानियां में सफाई कर्मचारियों के धरने पर पहुंचकर पार्टी नेताओं ने उनकी मांगों का पूर्ण समर्थन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित