दरभंगा , सितंबर 26 -- लित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रशासन विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं वाणिज्य संकायाध्यक्ष प्रो. बी. बी. एल. दास ने विद्यार्थियों से बदलते रोजगार परिदृश्य के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करने का आह्वान किया। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रशासन विभाग में आयोजित कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता प्रो. बी. बी. एल. दास ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता, कौशल एवं कैरियर लक्ष्य को पहचानकर सही दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कैरियर चयन में स्पष्ट दृष्टिकोण रखने तथा रोजगार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने की सलाह दी।
विभागाध्यक्ष सह निदेशक डॉ. राज कुमार साह ने विद्यार्थियों को बदलते दौर की मांग, कॉरपोरेट क्षेत्र के रुझानों तथा भविष्य में उपलब्ध रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत मंचासीन अतिथियों के स्वागत से हुई। विभागीय शिक्षक श्याम कुमार ने स्वागत भाषण दिया।
कार्यक्रम में विभाग के शिक्षक, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। मंच संचालन सीनियर रिसर्च फेलो पायल कुमारी ने किया, जबकि डॉ. संजय कुमार ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित