पटना , अक्टूबर 01 -- ौसम में लगातार हो रहे बदलाव का सीधा असर खेती पर भी पड़ रहा है। कभी बारिश कम हो रही है, तो कभी अचानक ज्यादा बारिश, तापमान में उतार-चढ़ाव और हवा की खराब गुणवत्ता जैसी चुनौतियां सामने आ रही हैं। ऐसे में खेती को इन बदलावों के अनुकूल बनाने और किसानों को मौसम के जोखिम से बचाने के लिए वैज्ञानिकों ने मंथन किया। दो दिवसीय 'नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन क्लाइमेट चेंज क्रॉसरोड्स' के समापन अवसर पर 'कृषि, खाद्य सुरक्षा, टिकाऊ खाद्य प्रणाली और जलवायु तनाव' विषय पर आयोजित तकनीकी सत्र में देशभर से आए वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने इस पर विस्तार से चर्चा की। फसल विविधीकरण, मौसम के हिसाब से खेती की सलाह, कीट प्रबंधन, मिट्टी की नमी, वायु गुणवत्ता और स्मार्ट फसल प्रतिरूपण को खेती के भविष्य के लिए अहम बताया गया।

विशेषज्ञों ने बताया कि इस वर्ष मानसून के शुरुआती दौर में बारिश कम होने के बावजूद कई किसानों ने मौसम को देखते हुए अपनी फसल योजना में बदलाव किया। ऊपरी इलाकों में धान की जगह कुछ किसानों ने उड़द और मोटे अनाज जैसी वैकल्पिक फसलों को अपनाया। विशेषज्ञों का कहना है कि स्थानीय मौसम की जानकारी समय पर मिले तो किसान सही फसल का चुनाव कर सकते है और मौसम से होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित