बैतूल , जून 25 -- मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा है कि तेजी से बदलती दुनिया और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में विद्यार्थियों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप स्वयं को तैयार करना होगा तथा पारंपरिक करियर विकल्पों के साथ उभरती तकनीकों और नए अवसरों की जानकारी भी रखनी होगी।

श्री खंडेलवाल ने आज गुरुवार को बैतूल में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि आज सम्मानित किए जा रहे विद्यार्थी ही भविष्य में देश और समाज का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि माध्यमिक शिक्षा मंडल में 75 प्रतिशत और सीबीएसई में 80 प्रतिशत अंक प्राप्त करना महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन यह सफलता की शुरुआत मात्र है। विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने का प्रयास करते रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि तकनीक के कारण दुनिया तेजी से बदल रही है और रोजगार, शिक्षा तथा उद्योगों का स्वरूप लगातार परिवर्तित हो रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को यह समझना होगा कि आने वाले वर्षों में दुनिया किस दिशा में आगे बढ़ेगी और किन क्षेत्रों में नए अवसर उपलब्ध होंगे।

श्री खंडेलवाल ने इंटरनेट और आधुनिक तकनीकों के सकारात्मक उपयोग पर बल देते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सेमीकंडक्टर, नवाचार और नई तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में व्यापक संभावनाएं हैं तथा भारत भी वैश्विक विकास की दौड़ में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवने ने कहा कि सफलता प्राप्त करने के बाद भी विनम्रता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने अपेक्षा से कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को निराश न होने की सलाह देते हुए कहा कि नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित