मुंबई , अगस्त 13 -- पारसी समुदाय का नया साल 'नवरोज़' आगामी 16 अगस्त को मनाया जायेगा। इस पर्व के लिए यह समुदाय कई तरह के बेहद खास व्यंजन बनाता है। पारसियों की ये पाककला की समृद्ध परंपराएं भारत के विविध भोजन प्रेमियों के बीच नए सिरे से आकर्षण का केंद्र बन रही हैं।

इस अवसर पर पारसी समुदाय धानसाक, पटिया, पात्रा नी मच्ची, सल्ली बोटी, अकूरी और लगन नु कस्टर्ड जैसे प्रसिद्ध व्यंजनों को बनाता है पारसी भोजन शैली प्रवास, अनुकूलन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लंबे इतिहास को दर्शाती है। पारंपरिक रूप से पारसी घरों और प्रसिद्ध ईरानी कैफे तक सीमित रहने वाला यह भोजन अब आधुनिक रेस्टोरेंट संस्कृति और नए प्रयोगों का हिस्सा बन रहा है।

गौरतलब है कि पारसी समुदाय, मूल रूप से ईरान का रहने वाला है और ईरान में इस्लाम के आगमन के समय ये समुदाय भाग कर भारत आ गया और यहां शरण ली। तब से पारसी समुदाय, भारत में ही मिलजुल कर रहता आया है लेकिन तब भी इसने अपनी सदियों पुरानी परंपराओं को सहेज कर रखा है। वैसे तो नवरोज का पर्व दुनिया भर में वसंत ऋतु में मनाया जाता है लेकिन भारत में रहने वाले पारसी इस पर्व को अगस्त के महीने में मनाते हैं। इसका कारण यह है कि वे अत्यधिक प्राचीन शहंशाही कैलेंडर की तारीखों को पर्व का आधार मानते हैं।

इस समुदाय के चर्चित लोगों में जमशेद जी टाटा, रतन टाटा, सैम मानेकशॉ, होमी जहांगीर भाभा, आदि गोदरेज, फली एस नारीमन, दादा भाई नौरोजी आदि रहे हैं।

नवरोज़ के इस अवसर पर भारत की साइन एंड डाइन रेस्टोरेंट श्रृंखला 'इशारा' ने 'द नवरोज़ फीस्ट - द टाइमलेस सेलिब्रेशन ऑफ पारसी फ्लेवर्स' की शुरुआत की है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पारसी समुदाय की भोजन परंपराओं और उनकी खास मेहमाननवाज़ी को बड़े जनसमूह तक पहुंचाना है।

इसकी क्यूरेटर कर्जीना वाडिया ने बताया कि इस उत्सव को केवल एक विशेष त्योहार के खानपान के रूप में नहीं, बल्कि प्रामाणिक स्वादों, सांस्कृतिक कहानियों और पारसी घरों की संस्कृति को आमलोगों के सामने प्रस्तुत करने के रूप में तैयार किया गया है।

खानपान की शुरुआत रास्पबेरी सोडा और नानखटाई के साथ ईरानी चाय जैसे अति लोकप्रिय पेय से होती है। इसके बाद पपेतो चीज़ कटलेट, पात्रा नु पनीर और स्पिनेच एंड कॉर्न टार्ट जैसी चीजें परोसी जाती हैं। इसके बाद मुख्य भोजन की बारी आती है। इनमें ब्रुन पाव के साथ प्रॉन पटिया, अकूरी पाव, पात्रा नी मच्ची, लगन सारा नु स्टू, चावल के साथ धानसाक दाल, सल्ली बोटी, सास नी मच्ची और चिकन धानसाक शामिल हैं। भोजन का समापन मीठे व्यंजनों लगन नु कस्टर्ड और रिच ब्रेड बटर पुडिंग जैसी मिठाइयों के साथ होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित