चमोली , अक्टूबर 30 -- उत्तराखंड के चमोली जिला में शुक्रवार को हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना से हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदरीनाथ धाम से फाटा की ओर लौट रहा एक हेलीकॉप्टर जोशीमठ के समीप चाई गांव के पास हाथी पर्वत के नीचे दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत सात लोग सवार थे।

सूचना मिलने के बाद प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की टीमें खोजबीन में जुट गई हैं। वहीं, मेडिकल टीम को भी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर घायलों को उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

प्रारंभिक सूचनाओं में दुर्घटना का स्थान विष्णुप्रयाग क्षेत्र बताया जा रहा है। हालांकि हेलीकॉप्टर का सटीक लोकेशन और दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जानकारी में हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत कंपनी का बताया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित