चमोली , जुलाई 17 -- उत्तराखण्ड के चमोली जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-7 के चौड़ीकरण को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने मामलों का समाधान निकालने के लिए समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने निर्देश दिए। भवन विहीन अथवा विवाद रहित स्थानों पर चौड़ीकरण कार्य शुरू करने के निर्देश राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) के अधिकारियों को दिये गये।

जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान जिले में बदरीनाथ राजमार्ग के चौडीकरण को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों को मामलों के समाधान में तेजी लाने और टैंडर प्रक्रिया पूर्ण करने के आदेश दिए। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर वर्षाकाल के उपरांत हाईवे के सभी चौड़ीकरण की आवश्यकता वाले स्थानों का चौड़ीकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अधिग्रहण के लिए पुनर्मूल्यांकन की आवश्यकता वाले प्रकरणों पर संबंधित विभाग से समन्वय कर निस्तारण करने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को कार्य की भौतिक प्रगति में भी तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित