चमोली , अक्टूबर 30 -- उत्तराखंड में चमोली जिले में श्री बदरीनाथ धाम हवाई मार्ग पर शुक्रवार अपराह्न एक हेलीकॉप्टर लापता हो गया। हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से सहस्रधारा की ओर आ रहा था जिसमें में पायलट सहित छह लोग सवार थे।सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के बचाव दल मौके पर पहुंच चुके हैं।
राज्य आपदा नियंत्रण केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार एसडीआरएफ की पोस्ट जोशीमठ से उप निरीक्षक मनोहर कन्याल ने बताया कि उप जिलाधकारी (एसडीएम) जोशीमठ ने 14:21 बजे जोशीमठ क्षेत्र के चाय गांव के ऊपर से एक हेलीकॉप्टर लापता होने की सूचना दी है।
इस संबंध में यूकाडा कर्मचारियों द्वारा बताया गया कि चाय गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास ट्रांस भारत हेली की लोकेशन दिख रही है, जो बदरीनाथ से सहस्त्रधारा के लिए आ रहा था। इस हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट सवार है। अभी हेलीकॉप्टर के लापता होने की पूर्ण जानकारी नहीं है।
एसडीआरएफ की जोशीमठ टीम और पांडुकेश्वर की टीम समय 14:24 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित