चमोली , सितम्बर 23 -- भाद्रपद मास शुक्ल पक्ष द्वादशी ( बामन द्वादशी) के पावन अवसर पर बुधवार को उत्तराखंड के चमोली जनपद अन्तर्गत स्थित विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में माता मूर्ति महोत्सव धूमधाम से मनाया गया।

इस अवसर पर श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ( बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती,सलाहकार माधव सेमवाल, सदस्य डा. विनीत पोस्ती सहित हजारों की संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और तीर्थयात्री माता मूर्ति मंदिर में पूजा-अर्चना तथा श्री उद्धव जी के अभिषेक पूजा में शामिल हुए तथा माता मूर्ति के दर्शन किए।

बदरीनाथ मंदिर में प्रातः 10 बजे भोग लगने के पश्चात गढ़वाल स्काउट के बैंड की भक्तिमय धुनों के साथ भगवान नारायण के प्रतिनिधि श्री उद्धव जी ने डोली में विराजमान होकर माता मूर्ति मंदिर के लिए प्रस्थान किया बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ तथा अन्य श्रद्धालुगण कुबेर जी और भगवान नारायण की डोली सेवा में मुख्य रूप से शामिल रहे। माता मूर्ति मंदिर पहुंचने पर श्री कुबेर जी की विधिवत पूजा-अर्चना और अभिषेक किया गया। दिन के भोग के बाद अपराह्न तीन बजे श्री उद्धव जी वापस श्री बदरीनाथ मंदिर लौट आए। इस अवधि में श्री बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद रहे। इसके साथ ही माता मूर्ति मेले का समापन हुआ। इससे पूर्व मंगलवार देर शाम माणा के घन्याल श्री घंटाकर्ण महाराज ने भगवान बदरीविशाल को माता मूर्ति मंदिर आने का न्योता दिया था।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने माता मूर्ति मंदिर पहुंचकर माता मूर्ति मंदिर पहुंचकर कर दर्शन पूजा कर कहा कि श्री बदरीनाथ धाम में आयोजित होने वाला माता मूर्ति मेला प्राचीन धार्मिक विरासत एवं संस्कृति प्रतीक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित