देहरादून , अक्टूबर 02 -- उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बदरीनाथ धाम में आयोजित सांस्कृतिक महोत्सव के नाम पर डीजे और अश्लील नृत्य के आयोजन को लेकर राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला। श्री धस्माना ने कहा कि सत्ता के लालच में भाजपा ने न तो सनातन धर्म को बख्शा और न ही सेना को।

उन्होंने कहा कि यह प्रकरण भाजपा के सनातन धर्म और राष्ट्रवाद का ठेकेदार होने के दावे की पोल खोलता है। श्री धस्माना ने कहा कि 19 और 20 सितंबर को बदरीनाथ धाम के टूरिस्ट अराइवल प्लाजा में आयोजित दो दिवसीय 'देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव' में मुख्यमंत्री स्वयं मौजूद थे। धाम की मर्यादा के विपरीत तेज आवाज में डीजे पर संगीत और नृत्य का कार्यक्रम हुआ, जिस पर भाजपा के ही वरिष्ठतम नेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब पूरे देश में इस कृत्य की निंदा हुई तो राज्य सरकार के इशारे पर चमोली जिला प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने के लिए इसका ठीकरा भारतीय सेना पर फोड़ दिया, जो अत्यंत शर्मनाक और निंदनीय है। उन्होंने दस्तावेजों के हवाले से कहा कि यह महोत्सव सेना के 'ऑपरेशन सद्भावना' के तहत जिला प्रशासन और उत्तराखंड पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया था, लेकिन इसका मुख्य समन्वयक प्रशासन ही था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित