चमोली , अप्रैल 22 -- बाबा बदरीनाथ धाम के कपाट गुरुवार को खुलने से पहले बुधवार को जिला अधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने यात्रा ड्यूटी में नियुक्त अधिकारी और कर्मचारियों को ब्रीफ किया। उन्होंने संयुक्त रूप से श्रद्धालुओं के साथ अतिथि देवो भवः की भावना के अनुरूप सभ्य एवं मृदु व्यवहार करने के निर्देश दिए।
जिला अधिकारी कुमार ने बताया कि कल श्री बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जायेंगें। दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुरक्षित यात्रा के लिए सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गयी है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी का निर्वहन ईमानदारी के साथ-साथ स्मार्ट तरीके से किया जाना अत्यंत आवश्यक है। श्रद्धालुओं को सहज एवं सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी को यात्रियों के साथ विनम्र एवं मृदु व्यवहार रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक पंवार ने अपने संबोधन में स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के लिए ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे उनकी यात्रा सरल, सुगम एवं सुरक्षित हो। उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ यात्रियों के साथ "अतिथि देवो भवः" एवं उत्तराखंड पुलिस की थीम "मित्रता, सेवा, सुरक्षा" की भावना के अनुरूप व्यवहार किया जाए, ताकि श्रद्धालु उत्तराखंड से सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें। उन्होंने निर्देशित किया कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित तरीके से कतारबद्ध दर्शन कराए जाएं। यात्रा मार्गों, मौसम की स्थिति एवं आवश्यक सूचनाएं सोशल मीडिया, बैरियर ड्यूटी एवं पर्यटन पुलिस केंद्रों के माध्यम से समय-समय पर उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने इसके अतिरिक्त, धाम की पवित्रता एवं मर्यादा बनाए रखने को यात्रा मार्ग एवं मंदिर परिसर में नशीले पदार्थों एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की भी हिदायत दी गई।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट द्वारा बाहरी जिलों से आए पुलिस बल को जिले की भौगोलिक परिस्थितियों से अवगत कराते हुए चारधाम यात्रा के लिए तैयार किए गए विस्तृत यातायात प्लान की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश बिष्ट सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित