अलवर , जुलाई 05 -- राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले में रविवार तड़के बदमाशों ने महज कुछ घंटों के अंतराल में दो अलग-अलग स्थानों पर एटीएम को निशाना बनाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नीमराणा थाना क्षेत्र में प्रतापसिंहपुरा गांव में बदमाश एक एटीएम मशीन को ही उखाड़कर अपने साथ ले गए, जबकि बहरोड़ क्षेत्र में दूसरी वारदात सुरक्षा सायरन बजने के कारण विफल हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि नीमराणा थाना क्षेत्र में रविवार तड़के करीब तीन बजे एक वाहन में आये बदमाशों ने प्रतापसिंहपुरा गांव स्थित एटीएम की पहले रेकी की और फिर कुछ ही मिनटों में पूरी मशीन उखाड़कर वाहन में डालकर फरार हो गये। सुबह ग्रामीणों ने एटीएम नदारद देखा तो पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लेकर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पूरी वारदात कैमरे में कैद होने की पुष्टि हुई है।

नीमराणा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश खींची ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों के वाहन और उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सतर्क करके संदिग्ध वाहनों की तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने बताया कि इसी रात बहरोड़ क्षेत्र में भी बदमाशों ने एक अन्य एटीएम को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन मशीन का सुरक्षा सायरन बजते ही आरोपी घबरा गए और वारदात को अंजाम दिए बिना मौके से फरार हो गए। समय रहते सायरन बजने से लाखों रुपये की संभावित लूट टल गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित