मुरादाबाद , जून 14 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में रविवार को बदमाशों ने एक दलित युवक की गोली मारकर हत्या कर दी जबकि अन्य एक घायल हो गया।

सूचना मिलते ही जिलाधिकारी (डीएम) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और फोरेंसिक टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह वारदात कुंदरकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव छतरपुर खनुपुर की है। आज सुबह खनुपुरा निवासी कल्लू का पुत्र अंकित (22) अपने घर के दरवाजे पर खड़ा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने अंकित को निशाना बनाया। आरोप है कि बदमाशों ने बेहद नजदीक पहुंचकर अंकित की गर्दन से सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही अंकित खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बदमाशों द्वारा की गई इस ताबड़तोड़ फायरिंग के दौरान वहां मौजूद अंकित का दोस्त अजीत (21) भी सिर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। दिनदहाड़े हुई इस अंधाधुंध फायरिंग से आसपास के इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया। हमलावरों के खौफ से डरे-सहमे ग्रामीण उनके मौके से भाग जाने तक अपने-अपने घरों में दुबके रहे। बदमाशों के जाने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने खून से लथपथ अजीत को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है।

इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवार और ग्रामीणों को ढांढस बंधाया तथा भरोसा दिलाया कि समाज में डर पैदा करने वाले इन बदमाशों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जल्द ही कानून के दायरे में लाकर सख्त सजा दिलाई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित