अलवर , जनवरी 24 -- राजस्थान में अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक युवक को पीटने के इरादे से आये बदमाशों ने फोटोग्राफर की दुकान में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि पीड़ित युवक सचिन ने थाने में दर्ज करायी रिपोर्ट में बताया कि 60 फुट मार्ग पर स्थित एक दुकान पर बैठा था, तभी वहां प्रिंस नामक युवक पर करीब 30 युवकों ने हमला कर दिया। बीच-बचाव के बाद वे युवक चले गये, लेकिन थोड़ी देर बाद वे लाठी-डंडे लेकर आये और उन्होंने दुकान में घुसकर लोगों पर हमला कर दिया। वहां जमकर तोड़फोड़ की।
पुलिस ने बताया कि इस हमले में तीन लोग घायल हुए हैं, जिसमें रिंकू नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर भेज दिया गया जहां उसकी हालत गंभीर बतायी गयी है।
फिलहाल पीड़ितों की ओर से मामला दर्ज करवा दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित