मुंबई , अप्रैल 27 -- घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को फार्मा, आईटी और ऑटो सेक्टरों में अच्छी लिवाली देखी गयी और इस बीच सन फार्मा का शेयर सात प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 639.42 अंक (0.83 प्रतिशत) चढ़कर 77,303.63 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 194.75 अंक यानी 0.81 प्रतिशत की तेजी में 24,092.70 अंक पर रहा। इससे पहले लगातार तीन दिन दोनों प्रमुख सूचकांक टूटे थे।
चौतरफा लिवाली के बीच निवेशकों ने मझौली और छोटी कंपनियों में ज्यादा विश्वास दिखाया। निफ्टी-मिडकैप-50 सूचकांक 1.52 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.90 प्रतिशत चढ़ा।
फार्मा और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों से सूचकांक ढाई फीसदी से ज्यादा मजबूत हुए। आईटी, स्वास्थ्य, रियलटी और मीडिया समूहों के सूचकांक दो से ढाई प्रतिशत तक चढ़े। ऑटो और धातु सेक्टरों में भी अच्छी तेजी रही।
एनएसई में आज 3,447 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 2,549 के शेयर हरे निशान में और 800 के लाल निशान में रहे। अन्य 98 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।
दवा बनाने वाली कंपनी सन फार्मा द्वारा इसी क्षेत्र की अमेरिकी कंपनी ऑर्गानॉन के अधिग्रहण की खबर के बाद भारतीय कंपनी का शेयर 7.03 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज में 2.88 फीसदी, अडानी पोर्ट्स में 2.72, टेक महिंद्रा में 2.64, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.13, एनटीपीसी तथा एचसीएल टेक्नोलॉजीज दोनों में 2.12 और टीसीएस में 2.09 प्रतिशत की तेजी रही।
टाटा स्टील का शेयर 1.67 फीसदी, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.54, पावरग्रिड का 1.45, मारुति सुजुकी का 1.37 और इंफोसिस का 1.34 प्रतिशत चढ़ा। भारतीय स्टेट बैंक, एलएंडटी, इंडिगो, टाइटन, आईटीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी हरे निशान में रहे।
एक्सिस बैंक का शेयर 3.05 फीसदी लुढ़क गया। बीईएल में दो प्रतिशत की गिरावट रही। ट्रेंट, आईसीआईसीआई बैंक और इटरनल के शेयर भी टूट गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित