मुंबई , सितंबर 10 -- बैंकिंग एवं वित्तीय कंपनियों में लिवाली से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में प्रमुख सूचकांकों में तेजी रही और बीएसई का सेंसेक्स 138 अंक ऊपर बंद हुआ।

सेंसेक्स में आज पूरे दिन सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव देखा गया। यह ऊपर 74,910 अंक और नीचे 74,599 अंक को छूने के बाद अंत में पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले 138.36 अंक (0.19) चढ़कर 74,902.59 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक का ग्राफ भी लगभग सेंसेक्स जैसा ही रहा। यह अंत में 46.30 अंक यानी 0.20 प्रतिशत ऊपर 23,477.80 अंक पर रहा। लगातार तीन दिन गिरने के बाद प्रमुख सूचकांक हरे निशान में बंद हुए हैं।

वृहत बाजार में गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.36 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.07 प्रतिशत फिसल गया। सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी बैंक 0.31 प्रतिशत और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 0.57 प्रतिशत मजबूत हुआ। ऑटो, धातु, फार्मा और स्वास्थ्य समूहों के सूचकांक गिर गए।

सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर ढाई प्रतिशत के करीब टूट गया। टाटा स्टील और ट्रेंट में एक से डेढ़ फीसदी तक की गिरावट रही। आईटीसी, अडानी पोर्ट्स, बीईएल, मारुति सुजुकी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनीलिवर और इंफोसिस के शेयर भी लाल निशान में रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित