दरभंगा , जुलाई 10 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक अमरनाथ गामी ने दरभंगा समेत राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए त्वरित न्याय, सख्त पुलिस कार्रवाई और समाज की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता बताई है।

श्री गामी ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा कि केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि अपराध की प्रवृत्ति को प्रारंभिक स्तर पर ही रोकना होगा। उन्होंने कहा कि न्याय में देरी के कारण कई अपराधी जमानत पर बाहर आकर पुनः आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हो जाते हैं।

पूर्व विधायक श्री गामी ने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सरकार और समाज दोनों की समान रूप से जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब तक दोनों मिलकर जवाबदेही नहीं निभाएंगे, तब तक आदर्श व्यवस्था स्थापित करना कठिन होगा।

पूर्व विधायक श्री गामी ने हत्या जैसे संगीन मामलों में एक वर्ष के भीतर सुनवाई पूरी कर सजा सुनिश्चित करने के लिए कानूनी व्यवस्था बनाने की मांग की है। उन्होंने पुलिस को कानून के दायरे में रहकर प्रभावी कार्रवाई करने तथा मुठभेड़ (इनकाउंटर) से जुड़े मामलों में अनावश्यक भय से बचने की भी बात कही।उन्होंने सुझाव दिया कि पहली बार मारपीट, धमकी या गुंडागर्दी जैसी घटनाओं में चेतावनी और निगरानी की व्यवस्था हो, जबकि दोबारा ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही नशा, अवैध हथियार और चोरी के वाहन के साथ पकड़े जाने जैसे मामलों को गंभीर अपराध की श्रेणी में रखकर फास्ट ट्रैक अदालतों में सुनवाई कराने की मांग की।

श्री गामी ने थाना स्तर पर ऐसे लोगों की जांच का भी सुझाव दिया, जिनकी आय का कोई स्पष्ट स्रोत नहीं है, लेकिन वे विलासितापूर्ण जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की जांच से अपराध की जड़ों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।उन्होंने समाज से अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी आपराधिक घटनाओं की अनदेखी भविष्य में बड़े अपराधों को जन्म देती है। उन्होंने लोगों से अपराध की जानकारी पुलिस को देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित