पटना , अप्रैल 10 -- बिहार लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की महत्वाकांक्षी "हर घर नल का जल" योजना के सफल क्रियान्वयन एवं आम जनता को निर्बाध शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को विशेष सचिव संजीव कुमार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जमुई, मुंगेर एवं शेखपुरा प्रमंडलों में संचालित योजनाओं की प्रगति, जलापूर्ति की स्थिति एवं प्राप्त शिकायतों के समाधान की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान विशेष सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी लंबित मामलों का त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि विभाग की प्राथमिकता है कि प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो तथा योजनाएं पूर्ण रूप से क्रियाशील रहें। उन्होंने कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे क्षेत्र में निरंतर भ्रमण कर योजनाओं की जमीनी हकीकत का आकलन करें तथा जलापूर्ति की गुणवत्ता एवं निरंतरता बनाए रखें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित