बांदा , जुलाई 12 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की कोतवाली नगर और साइबर क्राइम पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार कर एक बड़े अर्न्तराज्यीय साइबर क्राइम ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया।
सहायक पुलिस अधीक्षक/ क्षेत्राधिकारी नगर /साइबर क्राइम थाना मेविस टॉक ने रविवार को बताया कि पुलिस ने देर रात्रि मवई बाईपास से नरैनी थाना क्षेत्र के जवाहर नगर निवासी प्रकाश नामक संदिग्ध खाता धारक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ पर एक बड़े साइबर क्राइम ठगों का भंडाफोड़ हुआ। जिसमें कई लोग शामिल थे। पकड़े आरोपी प्रकाश की निशादेही पर पुलिस ने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के नीचे एक बोलेरो कार में सवार कोतवाली नगर थाना क्षेत्र की बिजली खेड़ा निवासी सूरज, किरण कॉलेज चौराहा निवासी समीर, जरैली कोठी निवासी अभिषेक, कंचन पुरवा निवासी जीतू ,डिग्गी चौराहा निवासी कृष्णा, कनवारा गांव निवासी सुशील कुमार, पल्हरी गांव निवासी योगेश और मटौंध थाना क्षेत्र के सहरी निवासी मुकेश कुमार नामक आठ अन्य लोगों को घेर कर गिरफ्तार किया। जिनके पास से 52 हजार 475 रुपए नगद, घटना में प्रयुक्त बोलेरो एक लैपटॉप, 06 एटीएम, 01 चेक बुक व मोबाइल फोन आदि बरामद किए।
पकड़े गए अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि गिरोह द्वारा मुख्य रूप से एपीके फाइल एवं अन्य एप्लीकेशन/ सॉफ्टवेयर के माध्यम से लोगों का फोन हैक कर साइबर क्राइम को अंजाम दिया जाता था। साथ ही बहला फुसला कर , झांसा देखकर उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य पहचान पत्र लेकर फर्जी सिम प्राप्त किया जाता था। जिसका उपयोग कर फर्जी फर्म और कंपनियों के नाम से बैंकों में खाते खुलवाये जाते थे। जिनका उपयोग साइबर क्राइम की ठगी की रकम उन्हीं खातों हुए प्राप्त कर अन्य खातों में भेजना व नगद निकालने में अपनी पहचान छिपाने के लिए किया जाता था। साथ ही जानकारी पर घटना में प्रयुक्त आधार कार्ड, सिमकार्ड, फोन आदि नष्ट कर देते थे।
उन्होंने बताया कि इस संगठित गिरोह के पकड़े गए कई अभियुक्तों के विरुद्ध एनसीआर खाते के पोर्टल पर 100 से अधिक शिकायत मिली है। पुलिस संगठित गिरोह के अन्य सदस्यों, सहयोगियों, फर्जी बैंक खातों, सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाली व्यक्तिमों और साइबर ठगी से संबंधित अर्जित धनराशि का पता लग रही है। साथ ही बरामद फोन, लैपटॉप व अन्य डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिंक जांच कराकर गिरोह में शामिल लोगों द्वारा साइबर ठगी की अन्य सभी घटनाओं का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने आज साइबर क्राइम ठग गिरोह का भंडाफोड़ करने वाली संयुक्त टीम को 20 हजार रुपए की नगद प्रोत्साहन धनराशि देकर सम्मानित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित