लखीसराय , मई 27 -- बिहार में लखीसराय जिले के बड़हिया स्थित नवनिर्मित रेफरल अस्पताल का बुधवार को जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नवनिर्मित अस्पताल भवन में विद्युत व्यवस्था चालू कराई गई। बिजली व्यवस्था बहाल होने के बाद अस्पताल को नए भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए भवन में ही मरीजों के पंजीकरण की व्यवस्था भी शुरू कराई गई। अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि अस्पताल आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल की साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाने, कार्यस्थल आवंटित करने तथा रोस्टर बनाकर प्रतिदिन के कार्यों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया, जिससे अस्पताल भवन का बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित किया जा सके।इसके अलावा उन्होंने अस्पताल को पूरी तरह कार्यात्मक बनाने तथा सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
इसके बाद जिलाधिकारी डुमरी पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन पहुंचे, जहां पंचायत स्तरीय कर्मियों एवं ग्रामीण परिवादियों के साथ सहयोग शिविर को लेकर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ग्रामीणों ने आवास, राशन, पेयजल, सड़क एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित लोगों को विभागीय निर्धारित प्रारूप में आवेदन करने की जानकारी भी दी गई।उन्होंने पंचायत स्तर के कर्मियों को निर्देशित किया कि वे आम लोगों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बैठक में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।इस अवसर पर नगर परिषद बड़हिया के कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित