बड़वानी , सितंबर 18 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में खेल मैदान की कथित बदहाली को लेकर 16 सितंबर से चल रहा छात्रों का धरना गुरुवार रात उग्र हो गया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने कथित तौर पर प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य को कॉलेज से घर जाने से रोक दिया, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर उन्हें पीछे के रास्ते से बाहर निकाला और सुरक्षित घर पहुंचाया।
कोतवाली थाना प्रभारी बीएस बिसेन ने बताया कि गुरुवार रात छात्रों ने प्राचार्य कक्ष का घेराव कर खेल मैदान के 17 सूत्रीय सुधार के लिए लिखित आश्वासन और कार्य पूरा करने की समय-सीमा तय करने की मांग की। छात्रों ने लिखित आश्वासन मिलने तक प्रदर्शन समाप्त करने से इनकार कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस, राजस्व और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया। रात करीब 10 बजे प्रदर्शनकारियों द्वारा प्राचार्य को घर जाने से रोके जाने के बाद पुलिस ने सुरक्षा घेरे में उन्हें कॉलेज के पीछे के रास्ते से बाहर निकाला।
पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला ने बताया कि मामले में दो प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पहले प्रकरण में अंकित निंगवाल सहित करीब 25 लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और निषेधाज्ञा के उल्लंघन के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। दूसरे प्रकरण में एक छात्र की शिकायत पर दूसरे छात्र के खिलाफ मारपीट, अनुसूचित जाति जनजाति उत्पीड़न एक्ट व गाली-गलौज के आरोप में प्रकरण दर्ज किया गया है।
छात्रों का आरोप है कि कॉलेज का खेल मैदान लंबे समय से बदहाल है। मैदान में गड्ढे, बारिश के बाद जलभराव, झाड़ियां और कचरा होने के कारण खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित