बड़वानी , अगस्त 25 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क दुर्घटनाओं में 42 लोग घायल हो गए। इनमें सबसे गंभीर हादसा ठीकरी थाना क्षेत्र में हुआ, जहां सेंधवा से इंदौर जा रही निजी यात्री बस गोलानिया फाटे के पास आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 35 यात्री घायल हुए हैं।
ठीकरी थाना प्रभारी विकास बेनल ने बताया कि बस के चालक की तरफ का सस्पेंशन टूटने से वाहन अनियंत्रित हो गया। बस डिवाइडर से टकराकर दूसरी ओर के टू-लेन मार्ग पर चली गई और दो बार पलटने के बाद विपरीत दिशा में जाकर रुकी। हादसे में बस के दोनों अगले पहिए टूटकर अलग हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर ठीकरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। 19 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बड़वानी जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य का उपचार ठीकरी स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक अन्य दुर्घटना नागलवाड़ी थाना क्षेत्र में हुई, जहां मंगलवार दोपहर शिखर धाम मंदिर के दर्शन कर लौट रहे खरगोन जिले के श्रद्धालुओं का पिकअप वाहन ढलान पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक ही परिवार के सदस्यों सहित सात श्रद्धालु घायल हो गए।
नागलवाड़ी थाना प्रभारी रामकुमार पाटिल ने बताया कि पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर नागलवाड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन के ब्रेक फेल होने से हादसा हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित