श्रीनगर , नवंबर 29 -- जम्मू-कश्मीर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव (संगठन) अशोक कौल ने शनिवार को कहा कि हाल ही में हुए बडगाम उपचुनाव में पड़े मत इस केंद्र शासित प्रदेश में भाजपा की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाते हैं।

श्री कौल दावा किया कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के प्रति जनता की भावना में एक बड़े बदलाव को दर्शाता है।

सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) बडगाम उपचुनाव में पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) से 4,000 से ज़्यादा वोटों से हार गयी। भाजपा के उम्मीदवार आगा सैयद मोहसिन को 2,619 वोट मिले।

उन्होंने यहां पार्टी की राज्य कार्यकारिणी के सदस्यों और वरिष्ठ नेताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक हाल ही में हुए बडगाम उपचुनाव में पार्टी के प्रदर्शन का आकलन करने और कश्मीर क्षेत्र में पार्टी के संगठनात्मक रूपरेखा को और मज़बूत करने पर केंद्रित थी। इस दौरान श्री कौल ने कहा कि बडगाम उपचुनाव ने एक बार फिर कश्मीर में भाजपा की बढ़ती स्वीकार्यता को दिखाया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रति लोगों के विश्वास में बढ़ोतरी कार्यकर्ताओं की ओर से लगातार ज़मीनी स्तर पर की गयी कोशिशों और मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं में लोगों के बढ़ते भरोसे का नतीजा है। उन्होंने बडगाम में बेहतर संगठनात्मक प्रदर्शन में योगदान देने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं की कोशिशों की तारीफ़ की। उन्होंने कहा कि बूथ-लेवल समितियों को मज़बूत करना, आम लोगों से सीधा जुड़ना और लोगों की शिकायतों का समय पर हल पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित