श्रीनगर , मई 24 -- जम्मू-कश्मीर के बडगाम ज़िले में रविवार को 12 वर्षीय एक किशोरी रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाई गयी। दुष्कर्म और हत्या के शक के चलते, मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, किशोरी शनिवार शाम को अपने घर से लापता हो गयी थी। उसके परिवार ने रात करीब 10 बजे बडगाम थाने से संपर्क किया, जिसके बाद नाबालिग के अपहरण से जुड़ी धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गयी।
बडगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिप्रसाद के.के. ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत पूरी रात तलाशी अभियान चलाया। उन्होंने कहा, "कल, 23 मई को रात करीब 10 बजे हमें सूचना मिली कि एक 12 साल की किशोरी की लापता हो गयी है। नाबालिग बच्चे के अपहरण से जुड़ी धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गयी। पूरी रात तलाशी अभियान जारी रहा।"उन्होंने बताया कि रविवार सुबह करीब 7:15 बजे किशोरी का शव उसके घर से लगभग 200 मीटर दूर एक जगह से बरामद किया गया। श्री हरिप्रसाद ने कहा, "प्रथम दृष्टया, यह दुष्कर्म और हत्या का मामला प्रतीत होता है। कानून की सभी संबंधित धाराएं जोड़ दी गयी हैं।" उन्होंने आगे बताया कि चिकित्सा-कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित