श्रीनगर , मार्च 30 -- जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक कांस्टेबल के खिलाफ उसके आवास से संदिग्ध नशीले पदार्थ बरामद होने के बाद मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, यह प्राथमिकी रविवार को बडगाम थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 8/20 के तहत दर्ज की गई। यह कार्रवाई बीएसएफ कश्मीर फ्रंटियर मुख्यालय, हुमहामा की ओर से दर्ज कराई गई औपचारिक शिकायत के आधार पर की गई।
उन्होंने बताया कि गत 28 मार्च की शाम को वरिष्ठ बीएसएफ अधिकारियों की एक टीम ने विशेष सूचना के आधार पर 112 बटालियन के एक कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) के हुमहामा स्थित आवास पर तलाश अभियान चलाया। तलाशी के दौरान परिसर से करीब 2.3 किलोग्राम संदिग्ध गांजा और एक सिम कार्ड सहित एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि तलाशी आरोपी की मौजूदगी में की गई। बरामदगी के बाद बीएसएफ अधिकारियों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
आरोपी कांस्टेबल बारामूला जिले के वागूरा क्षेत्र के वाटरगाम का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीला पदार्थ कहां से आया और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित