बठिंडा , सितंबर 13 -- पंजाब की सबसे बड़ी 'यूथ रन पंजाब-2026' में रविवार को करीब 20 हजार युवाओं और खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर नशे के खिलाफ और खेलों के समर्थन में संदेश दिया। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी दौड़ में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह नया पंजाब है, जहां खोई हुई उम्मीद वापस आई है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के सहयोग से युवा नशे की समस्या को खत्म करने के लिए आगे आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) राजबीर सिंह घुम्मण ने कहा कि यह इस श्रृंखला की तीसरी मैराथन है, जिसकी शुरुआत मोहाली से हुई थी। उन्होंने कहा कि बठिंडा में करीब 20 हजार लोगों की भागीदारी खेलों और स्वास्थ्य के प्रति पंजाबियों के उत्साह को दर्शाती है।
श्री घुम्मण ने कहा कि यूथ रन में बड़ी भागीदारी ने पंजाब की नकारात्मक छवि पेश करने वाले 'उड़ता पंजाब' के प्रचार का जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब अब 'चढ़ता पंजाब, खेलता पंजाब और दौड़ता पंजाब' की तस्वीर पेश कर रहा है।
प्रतियोगिता के विजेताओं को 11 हजार रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट और सहभागिता पदक प्रदान किए गए। श्री घुम्मण ने कहा कि पंजाब के अन्य हिस्सों में भी ऐसे आयोजन जारी रखे जाएंगे और युवाओं को नशे के बजाय खेल व फिटनेस अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित