चंडीगढ़ , अक्टूबर 25 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बठिंडा जिले के डूमवाली गांव में दीवारों पर 'चिट्टा ही चिट्टा' लिखे जाने का हवाला देते हुए आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर नशे की समस्या से निपटने में विफल रहने का आरोप लगाया है।

श्री ढिल्लों ने रविवार को जारी बयान में कहा कि गांव में कथित तौर पर खुलेआम चिट्टे की बिक्री की शिकायतों के बीच लोगों का अपने घरों की दीवारों पर यह लिखकर विरोध जताना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति पंजाब को नशामुक्त बनाने के सरकार के दावों पर सवाल खड़े करती है।

भाजपा नेता ने कहा कि अपने पुत्रों को नशे की गिरफ्त में जाते देख रही माताओं की पीड़ा राज्य में समस्या की गंभीरता को दर्शाती है। उन्होंने नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परमिंदर सिंह झोटा के परिवार को अभी तक पूरा न्याय नहीं मिलनेका मुद्दा भी उठाया।

श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले आप ने तीन महीने में नशा खत्म करने की गारंटी दी थी, लेकिन साढ़ेचार साल बाद भी समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि 'युद्ध नशे के विरुद्ध' अभियान के प्रचार और जमीनी स्थिति के बीच अंतर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए केवल अभियानों के नाम और विज्ञापनों में किए जाने वाले दावे पर्याप्त नहीं हैं। सरकार को नशा तस्करी पर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए और जनता के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित