चंडीगढ़ , मई 09 -- पंजाब कांग्रेस को उस समय बड़ा राजनीतिक बल मिला जब आम आदमी पार्टी(आप) , शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के कई नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हो गये। इन्हें पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की मौजूदगी में पार्टी में शामिल कराया गया।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में राकेश कुमार तुली (जिला प्रधान ट्रांसपोर्ट विंग गुरदासपुर व पूर्व शहर प्रधान बटाला आप), राजेश कुमार तुली (वार्ड नंबर 46 से पार्षद), बलविंदर सिंह मिंटा (वार्ड नंबर 13 से पार्षद, पंजाब पशुधन विकास बोर्ड सदस्य और ब्लॉक प्रधान बटाला आप), सरदूल सिंह (वार्ड नंबर 48 से पार्षद), जसबीर सिंह नीता (पूर्व पार्षद वार्ड नंबर 10), सतपाल (पूर्व पार्षद वार्ड नंबर 32, अकाली दल), भूपिंदर सिंह उर्फ सोमू वाला (वरिष्ठ अकाली नेता), राज कुमार उर्फ राजू (पूर्व मंडल प्रधान सिविल लाइन, भाजपा) और सविंदर सिंह (आप के संस्थापक सदस्य, वार्ड नंबर 37) शामिल हैं।

नये नेताओं का स्वागत करते हुए भूपेश बघेल और राजा वड़िंग ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस को मिल रहा बढ़ता समर्थन पंजाब में पार्टी की सोच और नेतृत्व पर लोगों के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दलों की नीतियों से निराश नेता और कार्यकर्ता लगातार कांग्रेस का रुख कर रहे हैं। कांग्रेस नेतृत्व ने विश्वास जताया कि जमीनी स्तर के अनुभवी नेताओं के पार्टी में शामिल होने से बटाला और गुरदासपुर क्षेत्र में संगठन और मजबूत होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित