मुंबई , अक्टूबर 23 -- सामान्य बीमा क्षेत्र में कारोबार करने वाली कंपनी बजाज जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड ने श्री दीपक रेड्डी को अपने अगले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में नामित करने की शुक्रवार को घोषणा की।
बजाज जनरल इंश्योरेंस गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी बजाज फिनसर्व की इकाई है। कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक में श्री रेड्डी को अगला सीईओ नामित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी। यह नियुक्ति पहली जनवरी 2027 से प्रभावी होगी और भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण की मंजूरी मिलने पर वह 01 अप्रैल 2027 से कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ का कार्यभार संभालेंगे।
श्री रेड्डे डॉ. तपन सिंघल का स्थान लेंगे जो 31 मार्च 2027 तक पद पर बने रहेंगे। उनके पास वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने बजाज फिनसर्व, अमेरिकन एक्सप्रेस, स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक और एमआईआरसी इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी कंपनियों में वरिष्ठ नेतृत्व पदों पर काम किया है। बजाज फिनसर्व के साथ अपने 17 वर्षों के कार्यकाल के दौरान, उन्होंने कई व्यवसायों को खड़ा करने और उन्हें बढ़ाने में अहम भूमिका निभायी। ग्रुप में अपनी हालिया भूमिका में, उन्होंने बजाज फाइनेंस के ग्रामीण, बीमा और गोल्ड लोन व्यवसायों का नेतृत्व किया। वह बजाज फिनसर्व के पहले 'ग्रुप हेड ऑफ ह्यूमन रिसोर्सेज' भी रहे। हाल ही में, उन्होंने मणप्पुरम फाइनेंस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में काम किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित