मुंबई , अगस्त 06 -- बजाज जनरल इंश्योरेंस और स्विस रे कॉर्पोरेट सॉल्यूशंस ने देश में वाणिज्यिक बीमा साझेदारी की संभावनाओं का पता लगाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये हैं।

इस साझेदारी के तहत बजाज जनरल इंश्योरेंस की भारतीय बाजार में मजबूत उपस्थिति और स्विस रे कॉर्पोरेट सॉल्यूशंस की वैश्विक जोखिम विशेषज्ञता तथा वाणिज्यिक बीमा क्षमताओं का संयोजन सामने आयेगा। इस संबंध में अंतिम समझौता बाद में किया जायेगा।

बजाज जनरल इंश्योरेंस ने गुरुवार को बताया कि इस साझेदारी का उद्देश्य स्विस रे कॉर्पोरेट सॉल्यूशंस के इंटरनेशनल प्रोग्राम्स प्लेटफॉर्म का लाभ उठाना और भारतीय बाजार के लिए संरचित बीमा समाधान विकसित करना है। इसका लक्ष्य देश की अर्थव्यवस्था के निरंतर विकास के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्रों, जैसे हाई-टेक और विनिर्माण, में अंडरराइटिंग विशेषज्ञता उपलब्ध कराना है। इसके अलावा, साझेदारी के तहत विदेशों में संचालित भारतीय कंपनियों के लिए अंतरराष्ट्रीय बीमा कार्यक्रम भी उपलब्ध कराने की योजना है।

वैश्विक स्तर पर, स्विस रे कॉर्पोरेट सॉल्यूशंस कंपनियों के लिए जोखिम समाधान की व्यापक श्रृंखला प्रदान करती है। इनमें संपत्ति बीमा से लेकर क्रेडिट एवं श्योरिटी जैसे विशेष बीमा खंड, तथा कैप्टिव्स और पैरामीट्रिक इंश्योरेंस जैसे वैकल्पिक जोखिम हस्तांतरण समाधान शामिल हैं। यह स्विस रे ग्रुप की वाणिज्यिक बीमा इकाई है, जो पुनर्बीमा, बीमा और बीमा-आधारित जोखिम हस्तांतरण सेवाओं के विश्व के अग्रणी प्रदाताओं में से एक है। वर्ष 1863 में स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में स्थापित यह समूह दुनिया भर में लगभग 70 कार्यालयों के नेटवर्क के माध्यम से कार्य करता है, जिनमें मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद भी शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित