रांची , फ़रवरी 24 -- झारखंड सरकार द्वारा आज विधानसभा में पेशकिए गए बजट पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने प्रतिक्रिया दी है।

श्री महतो ने कहा कि बज़ट राज्य के समग्र विकास, सामाजिक न्याय और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम है। यह बजट न केवल वर्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखता है, बल्कि भविष्य की चुनौतियों के समाधान की भी स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत करता है।

श्री महतो ने कहा कि सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और बुनियादी ढांचे जैसे प्रमुख क्षेत्रों में संतुलित और प्रभावी प्रावधान किए हैं। ग्रामीण विकास और किसानों की आय बढ़ाने के लिए विशेष योजनाओं का विस्तार राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार देगा। सिंचाई, सड़क और बिजली जैसी आधारभूत सुविधाओं पर बढ़ा हुआ निवेश ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच की खाई को कम करने में सहायक होगा।

युवा वर्ग के लिए रोजगार सृजन, कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाले प्रावधान अत्यंत सराहनीय हैं। इससे राज्य के युवाओं को अपने ही प्रदेश में बेहतर अवसर मिलेंगे और पलायन की समस्या में कमी आएगी।

श्री महतो ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण, छात्रवृत्ति योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों में बढ़ोतरी समाज के कमजोर वर्गों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, नए अस्पतालों और चिकित्सा सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से आम जनता को राहत मिलेगी। साथ ही, उद्योग और निवेश को प्रोत्साहन देने के प्रयास राज्य में आर्थिक गतिविधियों को गति प्रदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर, यह बजट विकास, समावेशन और पारदर्शिता पर आधारित है। यह झारखंड को आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सरकार का यह प्रयास राज्य की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में निश्चित रूप से सफल होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित