पटना , जनवरी 31 -- बिहार विधानमंडल के 02 फरवरी से 27 फरवरी तक चलने वाले बजट सत्र के दौरान विधि- व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा- व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने शनिवार को विधानसभा परिसर में प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की।
जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन ने ब्रीफिंग में बताया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत त्रि- स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जायेगी और आठ क्यूआरटी सक्रिय रहेंगी। सभी पदाधिकारी सत्र प्रारंभ होने से एक घंटे पहले अपने- अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचेंगे और कार्यवाही समाप्ति के बाद ही स्थल छोड़ेंगे।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना प्रवेश पत्र किसी भी व्यक्ति या वाहन को सचिवालय, विधानसभा और विधान परिषद क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जायेगा। किसी भी अनधिकृत प्रवेश की पूर्ण जवाबदेही संबंधित प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों की होगी।
बजट सत्र अवधि में विधि- व्यवस्था बनाये रखने के लिये भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की जायेगी। अनुमंडल पदाधिकारी, पटना सदर और पुलिस उपाधीक्षक सचिवालय विधि- व्यवस्था के प्रभारी रहेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को सतर्क, तत्पर और प्रतिबद्ध रहकर त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित